सहारनपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और सहारनपुर किरयाना व्यापार संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उन्हें देश का गौरव बताते हुए कहा कि भारत के नवनिर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उधर, वैश्य समाज ने भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।
रविवार को मोरगंज स्थित घेर चैंबर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सभी व्यापारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विमल विरमानी ने कहा कि अटल जी ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर देश को विकास के रास्ते पर ले जाने का कार्य किया था। उन्होंने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया था। सहारनपुर किरयाना संघ के अध्यक्ष अनित गर्ग एवं महामंत्री चंदन कालड़ा ने कहा कि बाजपेयी जी का जीवन पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। महानगर अध्यक्ष प्रेम सागर ग्रोवर, अश्विनी अरोड़ा, पंकज कालड़ा, हर्ष डाबर, सरदार गुरमेहर सिंह आदि ने भी विचार रखे।
उधर, वैश्य समाज की ओर से माधव नगर स्थित कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, सुनील गुप्ता, सर्विष्ट गुप्ता, आदेश जिंदल आदि ने कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति में शून्य पैदा हो गया है। वे हमेशा भारत वासियों के लिए प्रेरणास्रोत्र रहेंगे। अंकुर अग्रवाल, मनीष गुप्ता, राकेश मित्तल, रवि गुप्ता, शशांक सिंघल, नितिन सिंघल, रामकुमार गुप्ता, दिनेश गोयल, दीपक बंसल आदि रहे।