वत्सल ने 99 फीसदी अंकों के साथ किया जिला टॉप
सहारनपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्र वत्सल बिंदल ने 99 फीसदी अंकों के साथ जिला टॉप किया है। दूसरे स्थान पर डीएवी पब्लिक स्कूल सोनिया विहार की छवि धीमान रही, जिसने 98.6 फीसदी अंक हासिल किए, जबकि तीसरे स्थान पर 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ आशा मॉडर्न स्कूल की तन्वी सिंघल रही।
वत्सल बिंदल ने यह सफलता पूरा दिन पढ़कर पाई। बताया कि वह सालभर दो से तीन घंटे प्रतिदिन पढ़ाई करता था, मगर परीक्षा के दौरान उसने पूरा-पूरा दिन पढ़ाई कर यह सफलता पाई है। दूसरे स्थान पर रही छवि धीमान का मानना है कि जितना भी पढ़ो मन लगाकर पढ़ो। बताया कि उसने 12 या 15 घंटे पढ़ाई नहीं की, बल्कि जब मन नहीं होता था तो किताब उठाकर साइड में रख देती थी। और जब भी मन होता था तो कई-कई घंटे लगातार पढ़ाई करती थी। तन्वी की भी तैयारी कुछ ऐसी ही रही। तन्वी ने बताया कि यदि मन लगाकर न पढ़ा जाए तो 20 घंटे की पढ़ाई भी बेकार है। बताया कि पढ़ाई करते हुए बीच-बीच में ब्रेक लेते रहना चाहिए और योजनाबद्ध तरीके से परीक्षा की तैयारी करनी चाहिए। उधर, शहर के टॉप टेन की बात करें तो इनमें 23 विद्यार्थी शामिल हैं, जिनमें 15 लड़कियां और आठ लड़के हैं।