सहारनपुर। रेलवे की सहायक वाणिज्य निरीक्षक रीतिका वशिष्ठ ने मंगलवार को सहारनपुर रेलवे स्टेशन एवं टीटीई विश्राम गृह का निरीक्षण किया और वहां की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
मंगलवार को अंबाला डिवीजन की सहायक वाणिज्य निरीक्षक रीतिका वशिष्ठ पूर्वाह्न सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। उनके स्टेशन पहुंचते ही स्टेशन पर हड़कंप मच गया। अवैध वेंडर तुरंत ही रफूचक्कर हो गए। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग शुरू कर दी गई। एसीएम रीतिका वशिष्ठ ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उसके बाद टीटीई विश्राम गृह पहुंचीं और वहां पर सुविधाओं के बारे में जानकारी की। रेलवे अधिकारियों के अनुसार टीटीई रेस्ट रूम में सुविधाओं की कमी को लेकर कई बार शिकायत की गई थी। शिकायतों की जांच के लिए ही एसीएम सहारनपुर पहुंची। उन्होंने टीटीई विश्राम गृह में कमियों के बारे में जानकारी की। उन्होंने वहां मौजूद रहे टीटीई एवं व्यवस्थापक से भी शिकायतों के संबंध में पूछताछ की। निरीक्षण पूरा करने के बाद शाम को एसीएम अंबाला के लिए रवाना हो गईं।