रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। सेवानिवृत्ति के पांच साल बाद भी एक महिला स्वास्थ्यकर्मी को उसके वेतन एरियर का भुगतान नहीं हो सका है। इसके भुगतान की उम्मीद में वह दम तोड़ गई। अब उसका पति सीएमओ कार्यालय के चक्कर काट रहा है। सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगने पर भी जवाब नहीं मिलने पर पीड़ित की शिकायत का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के अपर निदेशक ने सीएमओ को तीन दिन के अंदर सूचना उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
रामपुर मनिहारान निवासी कृष्णा देवी पत्नी राम अवतार नकुड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से वर्ष 2012 में एएनएम पद से सेवानिवृत्त हुई थी। सेवानिवृत्त होने के वह अपना वेतन एरियर पाने के लिए लगातार सीएमओ कार्यालय के चक्कर काटती रही। परंतु इस संबंध में उसे कोई राहत नहीं मिली। इसी बीच दो अगस्त 2017 को कृष्णा देवी की मृत्यु हो गई। हार थक चुके उसके कृष्णा के पति रामवतार ने आरटीई के तहत इस संबंध में जानकारी मांगी उसका भी कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने एक पत्र चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को लिखा और जन सूचना अधिकार के तहत इस पूरे प्रकरण की सूचना मांगी। परिवार कल्याण विभाग के अपर निदेशक ने सीएमओ का प्रेषित पत्र में तीन दिन के भीतर मांगी गई सभी सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।