दबाव पड़ने पर आरोपी ने की दुष्कर्म पीड़िता से शादी
नागल (सहारनपुर)। थाना क्षेत्र के एक निवासी एक युवती को झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के बाद पंचायत में बारात लाने का वादा करने के बाद शादी से मुकरने वाले युवक की युवती के साथ पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात कस्बे के आर्य समाज मंदिर में शादी संपन्न करा दी।
बता दें कि दो दिन पूर्व एक गांव निवासी विधवा ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि क्षेत्र के गांव भलस्वा ईसापुर निवासी युवक ने उसकी बेटी को प्रेमजाल में फंसाकर उसका शारीरिक शोषण किया था। मामला खुल जाने पर दोनो पक्षों की पंचायत ने उनकी शादी तय कर दी थी। लड़के पक्ष ने पंचायत में विगत 5 जुलाई का बारात लेकर जाने का वायदा किया था। लड़की पक्ष का आरोप था कि आरोपी युवक बरात लेकर नहीं आया। उल्टे उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायत मिलने पर पुलिस ने लड़के के पिता को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद दोनो पक्षों ने शादी करने का निर्णय लिया। कार्रवाई के डर से युवक पक्ष शादी के लिए तैयार हो गया। इसके बाद कसबे के आर्य समाज मंदिर में युवक-युवती की शादी करा दी गई।