रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में चेयरमैन की अध्यक्षता में चार प्रस्ताव पारित किए गए। इसमें गत तीन माह का आय व्यय का ब्योरा, 14 वें वित्त आयोग के अंतर्गत कराए जाने वाले कार्यों का अनुमोदन, वर्ष 2019-20 का अनुमानित बजट व शमशान घाट के कायाकल्प एवं विकास हेतु प्रस्ताव पास किए गए।
नगर पंचायत कार्यालय पर आयोजित बैठक में चेयरमैन शकुंतला देवी की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में गत माह की कार्यवाही की पुष्टि की गई। आय व्यय माह अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर वर्ष 2018 जनवरी-फरवरी वर्ष 2019 प्रस्तुत किया गया। 14 वें वित्त आयोग के अंतर्गत कराए जाने वाले कार्यों का अनुमोदन किया गया। वर्ष 2019-20 का अनुमानित बजट 17 करोड़ 97 लाख नौ हजार 784 रुपये स्वीकृत किया गया। शमशान घाट के कायाकल्प एवं विकास हेतुु प्रस्ताव पास किया गया। इसके अलावा सड़क निर्माण व अन्य विकास कार्यों संबंधी प्रस्ताव को भी झंडी दी गई। चार सभासदों ने नगर पंचायत चेयरमैन पर भेदभाव किए जाने का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार किया। बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी रामचंद मौर्य ने किया। इस दौरान वरिष्ठ लिपिक देवेंद्र भी मौजूद रहे।
नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में चार सभासदों ने बैठक का बहिष्कार किया, आरोप था कि उनके प्रस्ताव को पटल पर नहीं रखा गया और पूर्व में पारित प्रस्ताव पर कोई विकास कार्य नहीं किया गया है। बहिष्कार करने वाले सभासदों ने यह भी आरोप लगाया है बिना टेंडर पास किए निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बहिष्कार करने वालों में जहांगीर अहमद, मीना देवी, मंसूर अहमद, ब्रजपाल शामिल रहे। सभासदों ने कहा कि गत माह का आय व्यय का ब्योरा व 14 वें वित्त के तहत सड़कों के निर्माण का स्टीमेट बनाया हुआ था, उन्हें बताए बिना पहले ही प्रस्ताव रजिस्टर में अंकित किया गया है जो नियम विरुद्ध है। सभासदों ने कहा कि वह इस संबंध में जिलाधिकारी से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे। उधर, चेयरमैन शकुंतला देवी का कहना है कि आरोप झूठे और राजनीति से प्रेरित हैं।