रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। पहली बार अनुसूचित जाति से चुनकर आई नगर पंचायत की नवनिर्वाचित चेयरमैन शकुंतला देवी के प्रतिनिधि विवेकांत सिंह ने कहा कि 19 दिसंबर से नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कस्बे में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराने को प्राथमिकता दी जाएगी।
व्यापार संघ के नगर अध्यक्ष कुलदीप गोयल के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि ने कहा कि शीघ्र ही बाजार के अतिक्रमण को लेकर सख्त कदम उठाए जाएंगे। बीच बाजार से गुजरने वाले चौपहिया वाहनों को बंद किया जाएगा। नगर के सौंदर्यकरण के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसके तहत कस्बे में 19 दिसंबर से 15 दिनों के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह सबसे पहले अंबेडकर चौक से रविदास मंदिर तक कलर इंटरलाक से सड़क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बोर्ड की पहली बैठक 23 दिसंबर को बुलाई गई है जिसमें सभी सभासदों को नगर विकास के लिए साथ लेकर चलने का काम किया जाएगा। इस मौके पर कुलदीप गोयल, राहुल कांत, राजेश लाखनौर मौजूद रहे।