कुरैशी बिरादरी ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
गंगोह (सहारनपुर)। सभी सियासी दलों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कुरैशी बिरादरी ने नगरपालिका परिषद चुनाव का पूर्ण बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। बिरादरी की ओर से की गई पंचायत में कहा गया कि किसी भी दल के प्रत्याशी के समर्थन में मतदान नहीं किया जाएगा।
नगर के मोहल्ला कुरैशियान स्थित एक स्कूल में हुई पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि नगर पालिका परिषद का अध्यक्ष पद पिछड़े वर्ग की महिला के लिए आरक्षित होने के बावजूद किसी भी पार्टी द्वारा कुरैशी बिरादरी के प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी दलों ने उन्हें सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। पंचायत की अध्यक्षता हाजी दिलशाद ने की। इरफान अलीम कुरैशी, हाजी सलीम कुरैशी, हाजी काला, हाजी मंजूर, हाजी ईनाम, अहसान शास्त्री आदि ने विचार रखे। फाजिल, साबिर, कालू मेम्बर, ताहिर, सानू, दिलशाद, इस्लाम, नौशाद प्रधान, हकीम जमील, शमीम, अयूब, सूदा आदि मौजूद रहे।