बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। गांव कुरड़ीखेड़ा में बकरा ईद को लेकर आयोजित की गई शांति समिति की बैठक का विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बहिष्कार कर दिया। उनका कहना था कि दो माह पूर्व गांव में हुई घटना का खुलासा और गिरफ्तारी न होने के कारण उन्होंने बैठक में भाग नहीं लिया।
थाना क्षेत्र के गांव कुरडीखेड़ा में बृहस्पतिवार की देर शाम बकरा ईद को लेकर थाना पुलिस ने शांति समिति की बैठक बुलाई थी। इस बैठक का विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं सहित अन्य ग्रामीणों ने भी बहिष्कार कर दिया। विहिप के जिला सह मंत्री प्रमोद कुमार व बजरंग दल के जिला सह गोरक्ष प्रमुख राम सिंह राणा ने बताया कि करीब दो माह पूर्व ईद के मौके पर गांव के पास से ही बरसाती नाले में धड़ से कटा गाय का सर रख दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर दिया था, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी थाना पुलिस न तो घटना का खुलासा और न ही आज तक किसी की गिरफ्तारी कर सकी है। इसे लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है। इसके चलते संदीप, पवन सिंह, सैनी, नाथी राम, अरविंद कुमार, कदम सिंह, सुशील, देवेंद्र, नीटू, मंजीत शर्मा, अमरपाल आदि ने गांव में हुई शांति समिति की बैठक का बहिष्कार करते हुए घटना के खुलासे की मांग की। उधर, एसओ ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।