सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने अपने मौसा पर सिगरेट फैक्टरी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 15.72 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने पांच भाइयों समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मानकमऊ निवासी मोहम्मद शाकिर ने तहरीर देकर बताया कि करीब दस वर्षों से सऊदी अरब में कार मैकेनिक का काम करता था। वर्ष 2019 में छुट्टी पर सहारनपुर आने के दौरान उसकी मुलाकात मौसा नियाज अहमद से हुई। आरोप है कि मौसा ने सिगरेट फैक्टरी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर करीब 15 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। इसके बाद वर्ष 2020 से 2022 के बीच विभिन्न तिथियों में अपनी पत्नी सईदा परवीन के बैंक खाते में 13.72 लाख रुपये ट्रांसफर कराए, जबकि दो लाख रुपये नकद भी ले लिए।
आरोप है कि वर्ष 2024 में वह सऊदी की नौकरी छोड़कर सहारनपुर लौट आया, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई गई। आरोप है कि मेडिकल भी कराया गया। थाने स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने एसएसपी से मामले की शिकायत की। इसके बाद अब एसएसपी के आदेश पर कुतुबशेर पुलिस ने कामरान, कालू, अरबाज, शाहबाज, फैसल और शाजिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उधर, सीओ प्रथम रविकांत पाराशर ने बताया कि इस मामले की पहले जांच होगी। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।