सहारनपुर। ग्राम जंधेड़ी में 100 वर्ग गज जमीन पर बनी दुकानों को लेकर चल रहे विवाद में पुलिस ने एसडीएम कोर्ट के आदेश पर दुकानों को अपने कब्जे में ले लिया है। जब तक कोर्ट का निर्णय नहीं होगा, इन दुकानों पर पुलिस का कब्जा रहेगा। इन दुकानों को लेकर गुर्जर और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों में विवाद था।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जंधेड़ी में ग्राम पंचायत के पटटे की 100 वर्ग गज जमीन पर बनी दुकानों को लेकर काफी समय से गुर्जर समाज एवं अनुसूचित वर्ग के पक्षों में विवाद चला आ रहा है। गत 21 मई को दोनों पक्ष हथियार लेकर एक दूसरे के सामने आ गए और पुलिस के सामने ही फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस की ओर से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा करने, हत्या का प्रयास करने, माहौल खराब करने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले के समाधान के लिए दोनों पक्षों ने अपना-अपना दावा करते हुए उपजिलाधिकारी न्यायालय में अभिलेख प्रस्तुत किए। एसडीएम ने दोनों पक्षों के कागज देखने के बाद धारा 146 के तहत पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिस पर पुलिस और पीएसी ने ग्राम जंधेड़ी पहुंचकर विवादित दुकानों से सामान निकलवाकर कब्जा मुक्त कराया और पुलिस ने विवादित दुकानों को अपने कब्जे में ले लिया। सीओ द्वितीय मुकेश मिश्रा ने बताया कि एसडीएम कोर्ट के आदेश के बाद विवादित दुकानों से सामान निकलवाकर पुलिस ने अपना कब्जा कर लिया है। फिलहाल निर्णय आने तक दुकानें पुलिस के कब्जे में रहेंगी।