नानौता (सहारनपुर)। नगर के मेन बाजार में अतिक्रमण के नाम पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी द्वारा दुकानों के सामने पड़े स्लैब तुड़वाने से व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। व्यापारियों के विरोध को देखते हुए नगर पंचायत कार्यालय में थानाध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी तथा व्यापारियों के बीच बैठक हुई। व्यापारियों ने अतिक्रमण तथा पॉलिथीन बंदी की आड़ में व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं करने की मांग की।
बुधवार को नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी जितेंद्र कुमार राणा ने पुलिस बल व नगर पंचायत कर्मचारियों को साथ लेकर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाते हुए नगर के मेन बाजार में दुकानों के आगे बनाए गए स्लैब तुड़वाने शुरू कर दिए। इससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। मेन बाजार में अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों ने उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत के प्रति रोष व्याप्त हो गया। इसके बाद नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी जितेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह तथा व्यापारियों के बीच नगर पंचायत कार्यालय में एक बैठक हुई जिसमें अधिशासी अधिकारी तथा व्यापारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। व्यापारियों ने कहा कि नगर के मेन बाजार में दुकानदारों ने केवल दुकानों के सामने एक फुट के स्लैब डाल रखे हैं जिससे कोई अतिक्रमण नहीं हो रहा है। व्यापारियों ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जो कि सही नहीं है। व्यापारियों ने ईओ से गंगोह रोड पर सड़क के एक ही तरफ अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई को भेदभाव पूर्ण बताते हुए दोनों तरफ बिना भेदभाव के अतिक्रमण हटाने की बात कही। इस पर नगर पंचायत ईओ जितेंद्र कुमार राणा ने कहा कि अतिक्रमण में किसी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। इस दौरान व्यापार मंडल नगराध्यक्ष सतीश चावला, भाजपा नेता अनुराग पुंडीर, सभासद सन्नी राणा, अशोक पुंडीर, गुलफाम राव फाना, विवेक नामदेव, विजय कपिल, रोबिन जैन, आदेश नामदेव, घसीटू राम, अनिल बंसल, शहजाद राव, राकेश वर्मा, गगन कालड़ा, राजेशपाल, अजय सैनी, धीरज रूहेला, शालू अरोड़ा, हरबंश चाब्बा आदि व्यापारी रहे।
व्यापार मंडल ने एसडीएम के नाम ईओ को दिया ज्ञापन
पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारियों सुरेन्द्र वर्मा, राजकुमार कालडा, कुलदीप गर्ग, विजय कपिल आदि ने अधिशासी अधिकारी को एसडीएम रामपुर मनिहारान के नाम एक ज्ञापन देकर अतिक्रमण और पॉलिथीन प्रतिबंध के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं करने तथा पॉलिथीन बनाने वाली फैक्ट्री पर बैन लगाने की मांग की है।
व्यापारी नेता ने दी चेतावनी
नगर के गंगोह मार्ग पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी जितेन्द्र राणा व लोक निर्माण जेई तेजपाल सिंह द्वारा सड़क के मध्य से दोनों ओर 30-30 फुट पर निशान लगाए जा रहे थे। जैसे ही टीम व्यापार मंडल जिला संयोजक राजीव नामदेव की दुकान पर पहुंची तो व्यापारी नेता तथा ईओ के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। जिस पर ईओ ने अतिक्रमण की कार्रवाई को जिलाधिकारी के आदेश पर करना बताया तो व्यापारी नेता राजीव नामदेव ने चेतावनी देते हुए कहा कि देखते हैं तुम क्या कर लोगे, जिस अधिकारी ने तुम्हें अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए हैं वही अधिकारी अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नहीं करने के आदेश देंगे।