सड़क पार कर रहे युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। सड़क पार कर रहे युवक को तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़ कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया।
गागलहेड़ी क्षेत्र के कोलकी कला गांव में मंगलवार को पैठ लगती है। जहां पर गांव पठेड गांव का 26 वर्षीय पंकज सब्जी लेने के लिए आया था। जैसे ही पंकज सब्जी लेकर अपने घर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था तो गागलहेडी की ओर से आते तेज गति ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई । हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़ कर मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये जिला चिकित्सालय भेज दिया।