पॉलिथीन जब्त करने पहुंची टीम का विरोध, हंगामा किया
सहारनपुर। बाजारों से प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करने पहुंची नगर निगम की टीम को मंगलवार को विरोध का सामना करना पड़ा। दुकानदारों ने टीम की कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों को कोतवाली मंडी में फोन कर पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। इसके बाद निगम की टीम ने कई बाजारों से करीब 40 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की। साथ ही 20 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। मंगलवार को नगर निगम की टीम प्रवर्तन अधिकारी रिटायर्ड कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में सबसे पहले पुल बंजारान स्थित कई बड़ी दुकानों पर पहुंची। यहां भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन और अन्य सामग्री थी। जैसे ही निगम की टीम ने पॉलीथिन जब्त करने की कार्रवाई शुरू की तो दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते आसपास के दुकानदार भी जमा हो गए। उनका कहना था कि नगर निगम पॉलीथिन के थोक विक्रेताओं और उत्पादकों पर कार्रवाई करने की बजाय छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई कर रही है। विरोध बढ़ता देख नगर निगम ने कोतवाली मंडी पुलिस को फोन कर मौके पर बुलाया। पुलिस ने दुकानदारों को समझाकर शांत कराया। कुछ ही देर बार स्थानीय पार्षद महमूद भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद तीन दुकानों से 12 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही प्रतिबंधित पॉलीथिन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। इसके बाद निगम की टीम ने नेहरू मार्केट और जुबली पार्क में अभियान चलाते हुए प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की। साथ ही 7600 रुपये का जुर्माना भी वसूला। इस प्रकार मंगलवार को कुल 19600 रुपये जुर्माना वसूला गया। टीम में पलाक्षा, अमित तोमर, अमर ज्योति, सुधाकर, आनंद, अमरीश, नाथीलाल आदि शामिल रहे।