व्यापारियों के विरोध पर छापेमारी को पहुंची टीम बैरंग लौटी
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। प्रतिबंधित पॉलिथीन को लेकर बाजार में छापेमारी करने पहुंचे एसडीएम और नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी की अगुवाई वाली टीम को व्यापारियों के हंगामे के चलते कार्रवाई बीच में छोड़कर लौटना पड़ा। व्यापारियों का कहना था कि छापेमारी की आड़ में शोषण बरदाश्त नहीं होगा। उन्हें छापेमारी की पूर्व सूचना दी जाए।
बृहस्पतिवार को एसडीएम रामपुर मनिहारान दीप्ति देव यादव, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी आरसी मौर्य पुलिस बल को लेकर मैन बाजार चौक पर व्यापारी मदन बाठला के प्रतिष्ठान पर पहुंचे और उनके गोदाम को खंगालना शुरू कर दिया। टीम की इस कार्रवाई का उन्होंने विरोध किया तो बाजार के अन्य व्यापारी भी मदन बाठला के समर्थन में आ गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे व्यापार संघ के नगर अध्यक्ष कुलदीप गोयल की अगुवाई में दुकानदारों ने टीम का घेराव शुरू कर दिया और जमकर हंगामा किया। व्यापारियों का कहना था कि हम टीम को इस प्रकार से छापेमारी नहीं करने देंगे छापेमारी से पूर्व उन्हें सूचना दी जानी चाहिए। दो गोदाम चेक करने के बाद तीसरे गोदाम की तलाशी लेने की बात पर व्यापारी तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि यदि उनके पास से प्रतिबंधित पॉलिथीन नही मिली तो क्या होगा। हालांकि छापेमारी में प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद नही हुई। एक घंटे तक चले हंगामे के बाद टीम को बैरंग लौटना पड़ा। टीम में शामिल अधिकारी का कहना था वह एक शिकायत पर छापेमारी करने आए थे। व्यापार संघ के अध्यक्ष कुलदीप गोयल ने कहा कि वह दुकानदारों के यहां जबरन छापेमारी नहीं करने दी जाएगी। निकाय के अधिशासी अधिकारी आरसी मौर्य ने कहा कि डीएम के आदेश पर पॉलिथीन को लेकर छापामारी की जा रही है, उनका अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक पूर्ण रूप से प्रतिबंधित पॉलिथीन पर रोक नहीं लग जाती। उन्होंने कहा कि दुकानदारों की यह मांग कि छापेमारी से पहले सूचना दी जाए बेतुकी है।