मेडिकल कालेज में अभद्रता के आरोप में पर्चे चस्पा किए
सरसावा। राजकीय मेडिकल कालेज में नर्सिंग स्टाफ के साथ बदसलूकी किए जाने के आरोप वाले पर्चे ओपीडी में चस्पा कर दिए गए। आरोप नर्सिंग सुपरीटेंडेंट पर लगाया गया है। यह मामला दिन भर चर्चा का विषय बना रहा जबकि कालेज प्राचार्य का कहना है कि उन्हें इस प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है।
मंगलवार को मेडिकल कालेज की ओपीडी तथा उसके आसपास लोगों ने कुछ पर्चे चस्पा देखे। इन पर नर्सिंग स्टाफ की ओर से नर्सिंग सुपरीटेंडेंट पर आरोप लगाये गए थे कि वह ड्यूटी लगाने के नाम पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। पर्चों को लेकर कालेज में दिनभर चर्चा रही। चस्पा किए गए गए पर्चों पर किसी शिकायतकर्ता के हस्ताक्षर नहीं है।
इस संबंध में नर्सिंग सुपरीटेंडेंट का कहना है कि सैनिक कल्याण बोर्ड के तहत नर्सिंग स्टाफ सहित करीब 100 कर्मचारी काम करते हैं। किसी को भी उनसे कोई शिकायत नहीं है। यह आंतरिक राजनीति की वजह से बदनाम करने की साजिश है।
मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉक्टर अरविंद त्रिवेदी का कहना है कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है। कोई जानबूझकर कालेज के माहौल को खराब करने के उद्देश्य से इस प्रकार की हरकतें कर रहा है। यह मुख्य कार्यों से ध्यान भटकाने की कोशिश है। इसकी जांच की जाएगी।