साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। पिछले चार वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिल को चलाये जाने को लेकर मिल प्रशासन ने मिल के बायलर पूजन कर अग्नि प्रवेश कराया। मिल प्रशासन के अनुसार स्टीम की सुचारु जांच के बाद जल्द ही पेराई सत्र का शुभारंभ कर दिया जाएगा।
घाड़ एवं खादर क्षेत्र की टोडरपुर में स्थापित एक मात्र औद्योगिक इकाई पिछले चार वर्षों से बंद पड़ी हुई थी। चीनी मिल बंदी से प्रभावित क्षेत्र के 356 गांवों के गन्ना किसानों के लंबे संघर्ष के बाद सरकार एक्शन में आई तथा किसानों के हित में मिल संचालन कराने को बाध्य होना पड़ा। रविवार को टोडरपुर एग्रो.प्रो.प्रा.लिमिटेड मिल प्रशासन ने बायलर पूजन कर अग्नि प्रवेश कराया। मिल के प्रबंध निदेशक सरदार उमराव सिंह ने बताया कि बायलर में अग्नि का प्रवेश विधि विधान के अनुसार पूजन कर करा दिया गया है। बायलर टेस्टिंग के बाद जल्द ही पेराई सत्र चालू करने की तिथि घोषित कर दी जाएगी। मिल चालू कराने की तैयारियां अंतिम चरण में है। इस अवसर पर मिल महाप्रबंधक पवन सिंह ढींगरा, डायरेक्टर बोर्ड से चंद्रदीप सिंह, बालेंद्र सिंह, माजिद अली, गन्ना प्रबंधक आरएस ग्रेवाल, आनंद सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।
वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिल के चालू कराये जाने की घोषणा से क्षेत्र के गन्ना किसानों में खुशी की लहर है। लंबे समय तक संघर्षशील रहे किसान दर्शन लाल कांबोज, कर्मसिंह, चमेल सिंह सैनी, प्रधान जसवीर सैनी, हाजी खुर्शीद, हाजी मुकर्रम, आमिर चौहान, पवन सिंह, मेघराज सैनी, राजेश प्रधान, इंद्राज काम्बोज, जसविंद्र, रणबीर सिंह, समय सिंह प्रधान, चौ. रामपाल सिंह, गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन चौ. ताहिर, चौ. हाशिम, जायर हुसैन चांद मियां, ओमी पंवार, पद्मप्रकाश शर्मा, बिरमपाल काम्बोज, बुद्धसिंह प्रधान, हार्दिक आदि ने मिल संचालन की तैयारियां कम समय में पूर्ण होने पर खुशी जाहिर की।