दवाएं जब्त कर तीन मेडिकल स्टारों को सीज किया
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। मेडिकल स्टोरों पर धड़ल्ले से बेची जा रही नशीली दवाओं की शिकायत के मद्देनजर एसडीएम के नेतृत्व में ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान तीन स्टोरों से दवाएं जब्त कर उन्हें सीज कर दिया गया।
नगर में बिना लाइसेंस और बिना नाम के गली मुहल्लों में संचालित मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाओं की ब्रिकी को लेकर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन शहाबुद्दीन अहमद ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, सीएमओ, जिलाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर और एसडीएम से शिकायत की थी। रविवार को एसडीएम संगीता गौतम के नेतृत्व में ड्रग इंस्पेक्टर आरसी यादव ने टीम के साथ मुहल्ला इकराम में मेडिकल स्टोरों पर छापामारी की। तीन मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस और बिना नाम के संचालित मिले। टीम ने सभी दवाओं को जब्त कर दुकानों को भी सीज कर दिया जबकि उनके संचालक स्टोर छोड़कर फरार हो गए। बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर एसडीएम संगीता गौतम ने कहा कि यदि मेडिकल स्टोर पर नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।