नानौता/नागल (सहारनपुर)। किसान सेवा सहकारी समिति नानौता के सभापति पद पर ग्राम खुडाना निवासी भूपेंद्र राणा उर्फ सोनू प्रधान निर्विरोध सभापति चुने गए।
मंगलवार को नगर की किसान सेवा सहकारी समिति में सभापति पद के लिए चुनाव में ग्राम कुंआखेड़ा निवासी बिजेंद्र सिंह पुंडीर तथा खुडाना निवासी भूपेंद्र राणा उर्फ सोनू प्रधान ने नामांकन पत्र दाखिल किए। दोनों प्रत्याशी अपनी जीत के लिए जोड़ तोड़ में लगे रहे। इसी बीच दोनों पक्ष से पूर्व ब्लॉक प्रमुख कृष्णकुमार पुंडीर, चीनी मिल उप सभापति प्रदीप राणा, पूर्व चेयरमैन अफजाल खान, भाजपा नेता अजीत सिंह, विवेक नामदेव, अनुराग राणा सहित अन्य जिम्मेदार लोगों ने दोनो पक्षों में सहमति कराते हुए बिजेंद्र का नामांकन वापस करा दिया। इसके चलते भूपेंद्र राणा उर्फ सोनू प्रधान को निर्विरोध सभापति चुना गया।
नागल क्षेत्र में किसान सेवा सहकारी समिति कोटा से प्रीतम सिंह व भलस्वा से धर्मपाल सिंह राणा निर्विरोध सभापति निर्वाचित हुए। वहीं नागल से मानसिंह सैनी, बसेड़ा से सत्यकुमार, गांगनौली से अजय कुमार, चंदेना कोली से मा. राजकुमार, दघेड़ा से रश्मि त्यागी ने सभापति पद के चुनाव में जीत दर्ज की।