लापता पति को बरामद न करने पर महिला ने किया हंगामा
सहारनपुर। नौ माह से लापता पति की तलाश में पुलिस चौकी से लेकर थाना तक चक्कर लगा चुकी महिला ने सदर कोतवाली में जमकर हंगामा किया। महिला ने एक व्यक्ति पर उसके पति को नौकरी के बहाने ले जाकर गुम करने का आरोप लगाया। महिला ने पुलिस पर भी कार्रवाई न करने पर रोष जताया।
दिल्ली रोड स्थित कांशीराम कालोनी निवासी ताहिरा रविवार को सदर कोतवाली पहुंची और हंगामा किया। महिला ने आरोप लगाया कि कालोनी में लगातार आने वाला एक व्यक्ति दो मई 2017 को उसके घर आया और उसके पति दिलशाद को उसके साथ नौकरी के लिए चलने को तैयार कर लिया। उसने मना भी किया। लेकिन उसे आरोपी ने आश्वासन दिया कि उसकी फोन से हर दूसरे-तीसरे दिन बात करा दिया करेंगे और हर माह की दो तीन तारीख को उसके पास पैसे भिजवा देंगे। उसका बेटा बंगलूरू में है, वहीं नौकरी करनी है। उसे आठ हजार रुपये दिए जाएंगे। आरोपी उसके पति को अपने साथ ले गया। लेकिन उसके बाद से न तो उसके पति से कभी फोन पर बात ही करवाई और न ही पैसे भेेजे। अब वह अपने चार बच्चों का पेट भरने के लिए एक फैक्ट्री में नौकरी कर रही है। जब तीन चार महीने तक कोई संपर्क नहीं कराया और पैसा नहीं भिजवाया तो वह आरोपी के घर पहुंची। लेकिन आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की और धमकी देकर भगा दिया।
महिला के अनुसार तभी से वह पुलिस चौकी, थाना एवं तहसील दिवस के चक्कर लगा रही है। उसे पता नहीं है कि आरोपी उसके पति को कहां ले गया है। उसका पति किस हालत में है। पति के भेजे जा रहे हर माह के आठ हजार रुपये भी आरोपी के ही पास हैं। लेकिन पुलिस ने आरोपी से सख्ती से बात नहीं की और न ही उसके पति का पता लगाया। उसके बच्चे परेशान हैं। उसने सदर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर पति को बरामद कराए जाने की मांग की।