पुलिस की मौजूदगी में हुआ राशन की दुकान का चुनाव
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। कैलाशपुर गांव में पिछले दो वर्ष से रिक्त चली आ रही सरकारी राशन की दुकान का चुनाव भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। इस दौरान भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस व पीएसी को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। चुनाव में मेहराज पत्नी बहार दो वोटों से दुकान पाने में सफल रही।
कैलाशपुर गांव में पिछले दो वर्ष से राशन डीलर पवन के सरकारी नौकरी पर जाने व राशन डीलर से इस्तीफा देने के कारण दुकान रिक्त चल रही थी। इसके आवंटन के लिए पूर्व में तीन बार झगडे़ की आशंका के चलते बैठक स्थगित हो चुकी थी। शुक्रवार को राजकीय कन्या इंटर कालेज परिसर में पर्यवेक्षक एडीओ पंचायत देवेन्द्र त्यागी की देख रेख एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में दो उम्मीदवार मेहराज पत्नी बहार अहमद व शबाना पत्नी शमीम में सीधा मुकाबला था। सुबह से ही दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में परिसर में मौजूद थे। भीड़ को काबू करने के लिए एसओ सुशील कुमार व पीएसी के जवानों को कई बार लाठियां फटकारनी पड़ी। पर्यवेक्षक देवेन्द्र त्यागी की मौजूदगी में दोनों उम्मीदवारों के समर्थकों की गिनती करायी तो शबाना पत्नी शमीम को 617 वोट मिले। जबकि मेहराज पत्नी बहार अहमद को 619 वोट मिले। चुनाव के दौरान कई बार दोनो पक्षों के समर्थकों में तीखी नोक झोक भी हुई। इसके बाद मेहराज पत्नि बहार को दो वोटों से विजयी घोषित किया। दुकान का आवंटन होने के बाद गांव में दोनों पक्षों की तनातनी को देखते हुए पुलिस ने पीएसी के जवानों ने गांव में फ्लैग मार्च किया। एसओ सुशील सैनी ने बताया कि किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ की इजाजत नहीं दी जाएगी।