सहारनपुर। संभागीय परिवहन विभाग की ओर से स्कूल वाहनों को लेकर चलाया जा रहा अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। विभागीय टीम ने जांच के दौरान कमियां पाई जाने पर 15 वाहनों का चालान किया तथा आठ वाहनों को सील कर थानों में खड़ा किया है।
उप संभागीय अधिकारी प्रवर्तन आरपी मिश्रा ने बताया कि ये स्कूल वाहन एमआरएस पब्लिक स्कूल, प्रयागस्थली स्कूल, पाइनवुड स्कूल, सरस्वती विहार आदि स्कूलों के थे। जिनका फिटनेस, परमिट आदि प्रपत्र वैध नहीं थे। इसके अतिरिक्त अनेक वाहनों में अग्नि शमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर आदि उपकरण नहीं लगे हुए थे। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सभी स्कूल संचालकों को पत्र भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि जिन स्कूली वाहन चालकों का चरित्र एवं ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन अब तक नहीं कराया गया है, उनका सत्यापन आवश्यक रूप से तत्काल करा ले। स्कूल में किसी भी प्रकार के अवैध वाहन का संचालन बच्चों को लाने-ले जाने के लिए नहीं किया जाएगा।