छुटमलपुर (सहारनपुर)। कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार के बीच दिल्ली में छह दिन का लॉकडाउन लगने पर वहां से यूपी के प्रवासी मजदूरों का अपने घरों की ओर पलायन बढ़ गया है। आनंद विहार और कौशांबी में जुटे इन मजदूरों को वापस लाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की 15 बसें छुटमलपुर डिपो से भेजी जा रही है।
छुटमलपुर डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि दिल्ली से वापस अपने घरों को लौट रहे यूपी के प्रवासी मजदूरों को लाने के लिए निगम प्रशासन द्वारा छुटमलपुर, खतौली और मुजफ्फरनगर डिपो से बसों की मांग की गई है। इनमें छुटमलपुर डिपो से 15 बसें मांगी गई हैं, जिन्हें शाम तक दिल्ली के आनंद विहार और कौशांबी बस अड्डों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले तीन दिन पूर्व 16 अप्रैल को भी उनकी डिपो से 15 बसें दिल्ली के लिए भेजी गई थी। ये बसें वहां इकट्ठा हो रहे लखनऊ, एटा, कानपुर, मैनपुरी, बरेली आदि के मजदूरों को लेकर उनके संबंधित जिलों में छोड़ने जाएंगी। बता दें कि सोमवार की शाम से दिल्ली में छह दिन का लॉकडाउन लगा है, जिसके बढ़ने की आशंका के चलते मजदूरों का पलायन शुरू हो गया है।
अचानक बसें मांगने से चालक परिचालक पड़े कम
छुटमलपुर डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि अचानक बसों की मांग किए जाने से स्टाफ की भी दिक्कत आ रही है। लंबी दूरी तय करने के कारण एक बस के साथ चार लोगों का स्टाफ भेजना पड़ता है। इसके लिए चालक परिचालकों को इमरजेंसी काल करके बुलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आठ बसें रवाना कर दी गई हैं जबकि बाकी की सात भी देर शाम तक यहां से दिल्ली के रवाना कर दी जाएगी।