छुटमलपुर (सहारनपुर)। मुजफ्फराबाद विकास खंड की ग्राम पंचायत नौसरहेड़ी के ग्रामीणों ने मंडलायुक्त सहित जन सुनवाई पोर्टल पर गांव में स्वच्छता अभियान के तहत बनाए गए शौचालयों में भारी गोलमाल की शिकायत करते हुए जांच की मांग की है। आरोप है कि पात्रों की अनदेखी कर गांव छोड़ चुके ग्रामीणों के नाम पर शौचालय निर्मित दिखाकर रकम हड़प ली गई है।
मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी से की गई शिकायत में गांव के नरेश कुमार, सलेललता, साधुराम, रिषीपाल, ओमी, नरमा, मांगेराम, वेदप्रकाश, भूपेंद्र सिंह आदि ने बताया कि गांव में करीब डेढ़ सौ शौचालयों की धनराशि सरकार द्वारा निर्गत की गई है। लेकिन इस राशि के इस्तेमाल में गोलमाल किया गया है। आरोप है कि गांव में 20 शौचालय ऐसे लोगों के दर्शाए गए है, जिनके पास पहले से ही शौचालय बने हुए थे। कुछ शौचालय ऐसे हैं जो पूर्व में बने इंदिरा आवास के साथ निर्मित किए गए थे। बताया कि गांव के रामबीर पुत्र नरेश कुमार, भूपेंद्र पुत्र नरेश कुमार, जयपाल पुत्र प्रेम, ओमी पुत्र रामपाल आदि के शौचालय अपने रुपयों से बनाए थे जिसका आज तक भुगतान नहीं किया गया है। आरोप है कि पांच शौचालय ऐसे लोगों के बने दर्शा कर रकम हड़प ली गई जो पिछले 15 साल से गांव से बाहर रह रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की जांच करा कर कार्रवाई की मांग की है। उधर पंचायत सचिव अनिल कुमार ने बताया कि सभी आरोप मिथ्या है। जिन बने हुए शौचालयों की धनराशि मांगी जा रही है, वे पंचायत के द्वारा बनवाए गए हैं। जब शौचालय पंचायत ने बनवा दिए हैं तो फिर चेक देने का औचित्य ही नहीं बनता है।