जनमंच प्रेक्षागृह के सुधार का कार्य लटका
सहारनपुर। मेला गुघाल 19 सितंबर से शुरू हो रहा है। मगर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बना जनमंच प्रेक्षागृह के सुधार का कार्य अभी तक चल रहा है। इसे पूरा होने में अभी डेढ़ से दो महीने का समय लगने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल यह है कि एतिहासिक मेला गुघाल के तहत होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम कहां होंगे। नगर निगम के पास जनमंच के अलावा कोई विकल्प भी नहीं है।
जनमंच प्रेक्षागृह में करीब तीन वर्ष पहले सुधार कार्य कराए गए थे। इनमें आर्ट गैलरी, छतबंदी, फ्रंट एरिया का सुधार, वातानुकूलित बनाने के लिए एसी लगवाना और स्टेज को दुरुस्त कराना शामिल था। अब फिर से नगर निगम ने जनमंच में सुधार का कार्य शुरू किया हुआ है। इसमें दीवारों पर लटके एसी को फॉल सीलिंग के भीतर लगाया जा रहा है। इस बार का बजट करीब सवा करोड़ रुपये का है। खास बात यह है कि यह कार्य करीब छह महीने से चल रहा है, मगर अभी तक 50 फीसदी भी पूरा नहीं हो सका है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि पिछले एक महीने से अधिक समय से कार्य बंद है। यह भी बताया कि प्रेक्षागृह के भीतर जो कार्य कराए जा रहे हैं उनको कंपलीट होने में अब भी डेढ महीने से अधिक लगना तय है। चूंकि प्रेक्षागृह 19 सितंबर से पहले कंपलीट नहीं हो सकेगा। ऐसे में मेला गुघाल के तहत जनमंच प्रेक्षागृह में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर संकट रहेगा। पिछले दिनों कमिश्नर चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, डीएम आलोक कुमार पांडेय ने जनमंच का निरीक्षण कर कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की थी। साथ ही संबंधित अभियंता को फटकार भी लगाई थी। इसके बावजूद कार्य में तेजी नहीं लाई गई है।
---
जनमंच में होने हैं यह कार्य
जनमंच में फायर फाइटिंग का कार्य चल रहा है। इसके बाद जनमंच में आग लगने जैसी घटना से बचाव हो जाएगा। छत पर लगाई जा रही फॉल सीलिंग के भीतर मर्करी लाइटें और स्मॉक अलार्म भी लगाए जा रहे हैं। इसके बाद जनमंच में धूम्रपान होने या किसी भी प्रकार का धुआं होने पर अलार्म बज जाएगा। छत के भीतर ही स्पीकर लगाए जा रहे हैं। फॉल सीलिंग के भीतर एसी को फिट करने का काम किया जा रहा है प्रेक्षागृह को साउंड फ्रूफ बनाया जा रहा है।
----------------------------------------
हमने 15 सितंबर तक जनमंच में चल रहे कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। पिछले तीन दिन से कार्य दोबारा शुरू कराया गया है। काम तेजी लाने के लिए लेबर भी बढ़ाई गई है। हमें यकीन है कि हम मेला गुघाल से पहले जनमंच को कंपलीट कर लेंगे।
--- श्यामबिहारी अग्रहरि, अवर अभियंता नगर निगम।
जनमंच प्रेक्षागृह को मेला गुघाल से पहले तैयार कराने के निर्देश संबंधित अभियंता को दिए गए हैं। खुद भी कई बार मौके पर जाकर मुआयना किया है। फिलहाल काम चल रहा है। कोशिश यही है कि जनमंच का कार्य समय से पूरा हो और ऐसा हो जिसे शहर के लोग याद रखें।
-- ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त।