सहारनपुर। भीड़ तंत्र पर प्रहार करने वाली बॉलीवुड की फिल्म उन्माद कल यानी दस अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। चूंकि फिल्म के निर्देशन से लेकर मुख्य भूमिका और अन्य किरदारों में सहारनपुर के कलाकार हैं। ऐसे में सहारनपुर के कला प्रेमियों को इस फिल्म का रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है। फिल्म के कलाकारों की ओर से बुधवार को जनपद में पत्रकार वार्ता कर फिल्म संबंधी जानकारी दी गई।
शाहिद कबीर द्वारा निर्देशित फिल्म उन्माद में निगेटिव रोल कर रहे संदीप शर्मा ने बताया कि फिल्म आपसी सौहार्द और हिन्दू मुस्लिम एकता को मजबूत करने वाली है। इसमें मुख्य रूप से भीड़ तंत्र की घटनाओं को लिया गया है, जिसमें दिखाया गया है कि कैसे भीड़ घटना को अंजाम देने के बाद उसे कुछ और रूप दे देती है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे इम्तियाज के छोटे भाई एम फौजी ने जनपद के लोगों से फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों में जाने की अपील की। दिनेश तेजान ने बताया कि यह फिल्म बृहस्पतिवार को देश भर के 200 से अधिक सिनेमाघरो में रिलीज होगी। सहारनपुर से प्रशांत राजन, विश्वविजय बहल, सरताज अहमद, शमशाद अहमद, अनुभव भल्ला, राजेश गुप्ता, शाकिब, अमित, शराफत अली खान, वीरेंद्र कुमार, शाह शहीम, निमिष भटनागर, अनवर खान, इजहार आलम, शमशेर अली ने भी रोल किया है।