कांवड़ियों के वेश में घूम रहे दूसरे समुदाय के बाइक सवार दो युवकों ने मारी टक्कर, पकड़ा
सहारनपुर। देहरादून रोड पर डाक लेने जा रहे देहात कोतवाली के पैरोकार को कांवड़ियों के वेश में बाइक सवार दो युवकों ने टक्कर मार दी। जिससे पैरोकार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ की तो वे दूसरे समुदाय के युवक निकले जो सिर्फ मस्ती के लिए कांवड़ियों के वेश में बाइक पर घूम रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार की शाम को देहात कोतवाली में तैनात पैरोकार रफी बाइक से एसएसपी आवास पर डाक लेने जा रहा था। जैसे ही वह एसएसपी आवास के निकट पहुंचा तभी गले में भगवा अंगोछा लपेटे बाइक सवार दो युवकों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे रफी सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया। कांवड़ ड्यूटी में लगी क्यूआरटी ने सिपाही को संभाला और दोनों बाइक सवारों को रुकवा लिया। जब दोनों के नाम पूछे तो दोनों ने पुलिस को अपने नाम ओसामा निवासी लिंक रोड नगर कोतवाली तथा तैय्यब हासिम निवासी पक्का बाग रायवाला थाना मंडी बताए। उन्होंने बताया कि उनके दोस्त शिवम ने कांवड़ शिविर लगा रखा है और उसी ने उन्हें यह भगवा अंगोछे दिए थे। जिसे पहन वह कांवड़ मार्ग पर घूम रहे थे। जनकपुरी थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि दोनों युवक दूसरे समुदाय के होते हुए भी भगवा अंगोछा गले में डाल कांवड़ियों के वेश में कांवड़ मार्ग पर बाइक से घूम रहे थे। उनके पास बाइक के कागजात भी नहीं मिले। दोनों के खिलाफ सिपाही रफी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
-----------
-- मोटरसाइकिल की टक्कर से दो घायल
सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के मानकमऊ में दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मानकमऊ पुलिया के समीप गंगोह की ओर से तेज गति में आ रहे बाइक सवार युवक सामने की ओर से आ रहे शेखपुरा निवासी फरमान की गाड़ी में टक्कर मार दी। दोनों बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी फरमान एवं उसके पीछे बैठा शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि दूसरी बाइक सवार युवक बाइक लेकर फरार हो गया।
------------
कावड़ियों के भेष में शिविर से पकड़े तीन संदिग्ध
सहारनपुर। जनकपुरी थाना क्षेत्र के कांवड़ शिविर पर संचालकों ने कांवड़ियों के भेष में तीन संदिग्धों लोगों को पकड़ पुलिस को सौंप दिया। पुलिस तीनों के बारे में छानबीन कर रही है।
कांवड़ मार्ग पर अंबेडकर चौक के निकट कांवड़ शिविर में कई लोगों के मोबाइल चोरी हो गए। जिससे शिविर में हड़कंप मच गया। शिविर संचालकों ने शिविर से तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। संचालकों के मुताबिक इनमें से सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्धों की फुटेज एक मोबाइल उठाते हुए भी कैद हुई। सूचना मिलते ही जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में ले लिया। तीनों आरोपियों का कहना है कि वे लोग बिहार के रहने वाले हैं और सरसावा में मजदूरी करते हैं। वे सरसावा से कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे और लौटते समय शिविर में रुके थे। उन्होंने किसी घटना को अंजाम नहीं दिया है। परिवार के लोग भी पीछे है जो हरिद्वार से आ रहे हैं। सूचना मिलने पर सीओ मुकेश चंद्र मिश्र ने भी थाने पहुंच संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
-----------
-- संदिग्ध परिस्थितियों में कांवड़िए की मौत, शिनाख्त नहीं
सहारनपुर। जेल चुंगी के निकट लगे कांवड़ शिविर के सामने एक कांवड़िए की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिविर के लोग उसे मृत हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। मृतक की शनाख्त नहीं हो सकी।
जनकपुरी थाना क्षेत्र में कांवड़ मार्ग पर रिमाउंट डिपो के सामने शिव शक्ति कांवड़ सेवा शिविर लगा हुआ है। मंगलवार आधी रात को शिविर में आकर रुके करीब 25 वर्षीय एक कांवड़िए की अचानक तबियत खराब हो गई। शिविर में मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाशी लेकर शनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की शनाख्त नहीं हो सकी।