थोड़ी देर की बारिश में ही बिगड़ी सड़कों की सूरत
सहारनपुर। दो बार गड्ढा मुक्त अभियान चलने के बाद भी सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं हो पाई। सोमवार को हुई थोड़ी सी बारिश में ही सरकारी दावे खोखले साबित हो गए। इस बारिश में ही सड़कों पर गड्ढों में पानी भर गया और जलभराव से लोगों को काफी परेशानी हुई।
बता दें कि प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद गड्ढा मुक्त अभियान चलाया गया। सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम और लोक निर्माण विभाग ने ताकत झोंक दी। पिछले वर्ष जून माह में सरकारी तंत्र ने सड़कों को पूरी तरह गड्ढा मुक्त किए जाने का दावा किया। मगर, कुछ दिन बाद ही सड़कों में गड्ढे हो गए। अगस्त माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर का दौरा किया तो प्रशासन ने रातोंरात महानगर सहित सड़कों के गड्ढे भर दिए। मगर, कुछ दिन बाद ही सड़कों में दोबारा गड्ढे हो गए। इसके बाद भी समय-समय पर गड्ढे भरे गए।
सोमवार को हुई बारिश ने सरकारी तंत्र के दावों की पोल खोलकर रख दी। महानगर में कोर्ट रोड, दिल्ली रोड, अंबाला रोड, जीपीओ मार्ग, देहरादून रोड, रेलवे रोड, खलासी लाइन, शारदानगर, सर्किट हाऊस मार्ग, ईदगाह मार्ग, चिलकाना रोड, चकराता मार्ग सहित कई इलाकों की सड़कों दोबारा से गड्ढे बन गए। सड़कों पर गड्ढे और बरसाती पानी के कारण हादसों की आशंका भी बढ़ गई है। उधर, जिलाधिकारी पीके पांडेय का कहना है कि जिन जगहों पर गड्ढे हैं, वहां पर काम कराया जा रहा है।