अधिग्रहित जमीन का आबादी के हिसाब से मांगा मुआवजा
गागलहेड़ी। देहरादून हाईवे के चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन के दिए जा रहे मुआवजे की रकम पर असंतोष जताते हुए ग्रामीणों ने डीएम से दुकानों व मकानों का मुआवजा आबादी के हिसाब से दिलाने की मांग की है।
गांव हरौड़ा मुस्तहकम के ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि इमरान अली ने बताया कि देहरादून हाईवे चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन का मुआवजा सरकार द्वारा कृषक भूमि के हिसाब से दिया जा रहा है। जबकि अधिग्रहित की जा रही जमीन आबादी की जमीन है। इसलिए आबादी रेट का मुआवजा दिलाया जाए। रविवार को भूमि का कम मुआवजा दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रभावित ग्रामीण हरोड़ा बस स्टैंड पर इकट्ठा हुए और उन्होंने अपनी मांग से संबंधित पत्र डीएम को भेजा। इस मौके पर राव इस्तखार, नसीम, शेर अली, महबूब, इंतजार, शफीक, जिंदा हसन, महिपाल सैनी, सुरेंद्र, नीरज, सलीम, जोनी सैनी, नफीस, जब्बार, आबिद, फुरकान, दिलशाद, मुकर्रम अली आदि रहे।