मोटर चोरी करने कुएं में उतरे दो चोरों की मौत
नकुड़(सहारनपुर)।
गांव बाधी के किसान के खेत में ट्यूबवेल के कुएं में मोटर चोरी करने के इरादे से उतरे दो चोरों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस और फायरब्रिगेड की टीम ने तीन घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को कुएं से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे बाधी के पवन सिंह अपने खेत गए। वहां नलकूप के कुएं में दो लोगों के शव पड़े देख उनके होश उड़ गए। उसने इसकी सूचना गांववासियों को दी। इसके बाद पुलिस को मामले की खबर दी गई। कोतवाल संजय वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात किसी समय मोटर चोर किसान के खेत में बने नलकूप के कुएं में मोटर चोरी के इरादे से घुसे होंगे। परंतु कुएं में जहरीली गैस होने के कारण दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। किसान कंवरबीर के पास ही स्थित खेत से चुराए गए मोटर से निकाले गए बिजली के तार भी पड़े थे। चोरों ने इससे पूर्व कंवरबीर के खेत से मोटर चुराया होगा। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ अब्दुल कादिर ने फायरब्रिगेड और फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया था। कुएं में पुलिस ने जैसे मोमबत्ती जलाकर उसे तार के सहारे डाला तो मोमबत्ती बुझ गई। इससे कोई भी कुएं में उतरने का साहस नहीं जुटा पाया। करीब दो घंटे तक रस्सी के सहारे बिजली का पंखा चलाकर गैस हटाई गई। इसके बाद फायरब्रिगेड के हवलदार रतन सिंह और धर्मवीर ने रस्सी बांधकर दोनों शवों को बाहर निकलवाया। इनमें से एक मृतक के चाचा शमशाद ने शवों की शिनाख्त नवाजपुर के इमरान पुत्र मोहम्मद और खुर्शीद पुत्र रुखसान के रूप में की। पुलिस ने दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।