पीड़ितों को दिलाएं पेंशन : बृजलाल
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बृजलाल ने कहा कि एससी-एसटी उत्पीड़न के मामलों में पीड़ितों को एक्ट के मुताबिक दी जाने वाली आर्थिक सहायता हर महीने मिलनी जरूरी है। जो अधिकारी इसका पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ जांच कराई जाएगी।
शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता में उत्तर प्रदेश अनुसचित जाति आयोग के अध्यक्ष बृजलाल ने कहा कि एक षड्यंत्र के तहत कोरी समाज के लोगों को अनुसूचित जाति के प्रमाणपत्र से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जब बसपा की सरकार थी, तो एससी/एसटी का सर्वाधिक उत्पीड़न होता था और उस दौरान एससी/एसटी एक्ट को कमजोर करने का कार्य किया गया था। उन्होंने कहा कि अब भी कुछ लोग ऐसे हैं, जो बसपा की मानसिकता से कार्य कर रहे हैं, लेकिन ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों के साथ मीटिंग में एससी/एसटी उत्पीड़न के 19 मामलों की समीक्षा की गई। जिसमें पीड़ितों को 28 फरवरी तक आर्थिक सहायता की धनराशि हर हालत में दिए जाने के निर्देश दिए गए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोरी और कोली जाति में कोई फर्क नहीं है। इस दौरान एसडीएम एसपी सिंह आदि मौजूद रहे।