सरसावा (सहारनपुर)। पचास-पचास हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराने वाली पुलिस टीम को सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि जनता के सहयोग की वजह से ही पुलिस अपराधों पर नियंत्रण पाने में कामयाब रही हैं।
रविवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में नागरिक मौलिक अधिकार मंच द्वारा पुलिस का सम्मान किया गया। पुलिस ने करीब दस दिन पहले इनामी बदमाश ओमपाल तथा सुमित उर्फ विक्की को सरसावा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मारे गए थे। एसएसपी उपेंद्र अग्रवाल ने कहा कि दोनों बदमाशों को ढेर करने में पुलिस के साथ जनता का भी विशेष सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि यदि हम अपराधों पर अंकुश लगाना चाहते हैं तो जनता को इसी प्रकार साथ देना होगा। उन्होंने चिंता जताई कि सामाजिक अपराध बढ़ रहे हैं। मसलन पारिवारिक बंटवारे, पति पत्नी के विवाद, छेड़छाड़, लेनदेन के विवाद आदि अनेक ऐसे मसले हैं, जिन्हें जिम्मेदार नागरिक जिम्मेदारी के साथ मिल बैठ कर निपटा सकते हैं। इसका फायदा यह होगा कि विवाद संघर्ष का रूप नहीं ले पायेंगे और कानून व्यवस्था बनी रहेगी। एसएसपी उपेंद्र अग्रवाल, एसपी देहात विद्यासागर मिश्र, सीओ नकुड़ यतेंद्र नागर, मुठभेड़ में घायल हुए एसआई दुष्यंत शर्मा तथा कांस्टेबल रजनीश तोमर के अतिरिक्त सरसावा एसओ आदेश कुमार त्यागी, सर्विलांस के टीम के प्रभारी मुबारिक हसन, स्वाट टीम प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष बिजेंद्र मोगा, अवतार सिंह, देशबंधु शर्मा, संजय शर्मा, महावीर गुप्ता, नरेश चंद जैन, सुशील काम्बोज, अरविंद राणा, सुखविंद्र शर्मा, रमेश सुखीजा अनुज कांबोज, संजय वाधवा, हाजी मसूद मौजूद रहे। संचालन दिनेश गुप्ता ने किया।