शट डाउन के बावजूद आपूर्ति चालू की, लाइनमैन झुलसा
नानौता (सहारनपुर)। नया ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान बिजलीघर से आपूर्ति चालू किए जाने पर लाइनमैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने बिजलीघर पहुंचकर आरोपी एसएसओ की जमकर धुनाई कर दी।
नानौता क्षेत्र के गांव ठसका में आबादी का ट्रांसफार्मर खराब होने के चलते शाम के समय विद्युत निगम के कर्मचारियों द्वारा लाइन का शट डाउन लेकर उसे बदलवाया जा रहा था। बताया जाता है कि ठसका निवासी लाइनमैन सोनू द्वारा लाइन जोड़ने के दौरान भोजपुर गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ द्वारा अचानक लाइन जोड़ दी गई जिस कारण इसमें करंट आ गया। करंट लगने से लाइनमैन सोनू गंभीर रुप से झुलस गया। उसे परिजनों द्वारा चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। इस घटना से गुस्साए ठसका के ग्रामीणों द्वारा भोजपुर गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर आरोपी एसएसओ की जमकर धुनाई कर दी।
उधर, एसडीओ सुधीर कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि शट डाउन लेने के बाद भी आपूर्ति चालू की गई है तो आरोपी एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।