सहारनपुर। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले को जून तक खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) बनाना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। साढ़े तीन साल से चल रही योजना में जिला पंचायत राज विभाग अभी तक 887 में से 430 ग्राम पंचायतों को ही ओडीएफ बना पाया है। अब दो माह में 457 ग्राम पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त बनाना है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए जा रहे शौचालय निर्माण पर शासन की नजर है। क्योंकि, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जिले में 887 ग्राम पंचायतों में शौचालय बनाए जाने हैं। जिला पंचायत राज विभाग का दावा है कि अब 430 ग्राम पंचायतों को ओडीएफ बना दिया गया है। स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति को लेकर शासन द्वारा रिपोर्ट मांगी गई है। शासन ने जून माह तक जिले में शौचालय निर्माण के कार्य करने के निर्देश दिए हैं। दो माह में जिला पंचायत राज विभाग को 457 गांवों में शौचालय बनाने हैं। विभागीय सूत्र बताते हैं कि निर्धारित समय में काम ना पूरा होने पर शासन ने कार्रवाई की चेतावनी दी है। ऐसे में दो माह में जिले को ओडीएफ बनाने के लिए अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं।
उधर, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार का कहना है कि शौचालय निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। जून में जिले को ओडीएफ घोषित कर दिया जाएगा।
जागरूकता का अभाव
सहारनपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिन गांवों को ओडीएफ बनाया गया है, वहां जागरूकता के अभाव में लोग खुले में शौच को जा रहे हैं। ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जब देखा गया कि ग्रामीण शौचालय का प्रयोग स्टोर रूम, रसोई घर और दुकानों के रूप में कर रहे हैं। हालांकि, जिला पंचायत राज विभाग द्वारा पिछले दिनों ग्राम गौरव जागरूकता यात्रा भी निकाली गई। इसके बावजूद ग्रामीण जागरूक नहीं हो रहे हैं।