गंगोह (सहारनपुर)। मतदाताओं को लुभाने के लिए आटे के किट वितरित करने के आरोप में पुलिस ने रालोद प्रत्याशी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।
गंगोह कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि मोहल्ला गुलाम औलिया में कुछ लोग वोटरों को लुभाने के लिये आटे के कट्टे बांट रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने वहां एक ऑटो में रख कर बांटे जा रहे आटे के 44 कट्टे जब्त कर लिए। जिनमें प्रत्येक में 10-10 किलो आटा भरा हुआ था। ऑटो चालक से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि यह कट्टे रालोद प्रत्याशी नूरजहां की और से वोटरों को बंटवाए जा रहे थे। पुलिस ने आटा जब्त कर रालोद प्रत्याशी के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। इसके अलावा भी कुछ अन्य प्रत्याशियों द्वारा वोटरों को लुभाने के लिये मिठाइयां बांटे जाने की चर्चाएं है।