मकान में आग से नगदी, आभूषण सहित अन्य सामान जला
बेहट। मिर्जापुर थाना क्षेत्र के मायापुर रूपपुर गांव में शार्ट सर्किट से बंद मकान में आग लग गई। पड़ोसियों के इसकी सूचना शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए परिवार को दी। उनके पहुंचने के बाद मकान ताला खोला तो अंदर भयंकर आग लगी थी। ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग से पीड़ित परिवार का 50 हजार रुपये की नगदी समेत करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हो गया।
मायापुर रूपपुर गांव निवासी श्यामलाल का परिवार बुधवार शाम पास के रहणा गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। रात में शॉर्ट सर्किट होने से मकान में भयंकर आग लग गई। मकान के अंदर धुआं उठता देख पड़ोसियों ने इसकी सूचना पीड़ित परिवार को दी। पहुंचने पर परिवार ने मकान का ताला खोला। ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। पीड़ित श्यामलाल ने बताया है कि उसने कुछ दिन पहले ही करीब 50 हजार रुपये की भैंस बेची थी और ये रुपये घर के अंदर रखे थे। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण, अनाज और अन्य घरेलू सामान जल गया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।