मतदाता सूची से नहीं छूटे कोई भी वोटर: मुख्य चुनाव अधिकारी
सहारनपुर। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने कहा कि एक मई से प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के साथ मतदाता पहचान पत्र का वितरण कराया जाएगा। आम आदमी को जागरूक करने के लिए स्कूलों में ईवीएम का पाठ पढ़ाने के साथ ही, बच्चों को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का ध्येय है कि कोई भी व्यक्ति मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। एल. वेंकटेश्वर लू ने बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस सभागार में सहारनपुर एवं बिजनौर के जिला निर्वाचन अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, रिटर्निंग आफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर के साथ चुनाव तैयारियों की समीक्षा की ओर चुनाव आचार संहिता का पाठ पढ़ाते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंडलायुक्त चन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, पुलिस उप महानिरीक्षक शरद सचान, जिलाधिकारी सहारनपुर पीके पांडेय, बिजनौर अटल कुमार राय, अपर आयुक्त उदयीराम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर बबलू कुमार, बिजनौर उमेश सिंह अपर जिला मजिस्ट्रेट, प्रशासन एसकेदूबे, अपर जिला मजिस्ट्रेट आदि रहे।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से की वार्ता
मुख्य चुनाव अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि एक मई को शुरू होने वाले मतदाता पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ के साथ अपना बूथ लेबिल एजेंट की भी तैनाती कराएं। जिससे आपसी समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची का सही पुनरीक्षण कार्य हो सकें। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि कैराना लोकसभा व नूरपुर विधानसभा में निष्पक्ष व पारदर्शी व्यवस्था होगी । कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि वालिया, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम एवं धीर सिंह, समाजवादी पार्टी से प्रवीण, सीपीआई से जनेश्वर प्रसाद रहे।
-------------
चुनाव प्रकिया की दें जानकारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रधानाचार्यो से कहा कि स्कलों में मतदाता साक्षर समितियों का गठन किया जाये। इसमें बच्चों को ईवीएम की पूरी जानकारी के साथ ही मतदान प्रक्रिया के बारे में बताया जाए। उन्होंने कहा कि बुद्घिजीवियों का दायित्व है कि देश में राजनीतिक सुधारों के लिए साफ-सुथरी छवि के लिए जागृति अभियान चलायें।