भूरा देव मंदिर के सामने जेसीबी से हटवाई दुकानें
बेहट। हाईकोर्ट आदेश पर सोमवार को तहसील की टीम ने सिद्धपीठ शाकंभरी क्षेत्र के भूरा देव मंदिर के सामने सड़क किनारे लगी प्रसाद की 19 अस्थाई दुकानों को जेसीबी से हटवाया। प्रशासन की इस कार्रवाई से दुकानदारों में बेचैनी रही।
बता दें कि भूरा देव मंदिर के सामने सड़क किनारे वर्षों से जिला पंचायत शारदीय नवरात्र मेले में 15 दिन के लिए अस्थायी तौर पर प्रसाद की दुकानों के थलों का नीलाम करती आ रही थीं। लेकिन मेले के बाद भी दुकानदार इस जगह को खाली नहीं करते थे। सड़क किनारे लगी अवैध दुकानों से बढ़ते अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होती रही है।
इस मामले में ही बाबा भूरादेव मंदिर के पुजारी रोशन जोशी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस पर सुनवाई करने के बाद हाईकोर्ट ने यह भूमि को खाली कराने के आदेश दिए। सोमवार को एसडीएम वैभव शर्मा, सीओ शिवराज सिंह और थाना मिर्जापुर प्रभारी राजपाल सिंह फोर्स के साथ भूरा देव मंदिर पहुंचे। टीम ने मंदिर के सामने सड़क पर अवैध रूप से लगाई गई 19 दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कराकर भूमि को कब्जा मुक्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में बेचैनी रही।