सहारनपुर। शहर में अवैध भवनों के निर्माण रुक नहीं रहे हैं। शुक्रवार को शिकायत पर कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को तुरंत मौके पर भेजकर अवैध निर्माण को रुकवाया। साथ ही भवन का नक्शा पास होने संबंधित कागज भी तलब किए हैं। कमिश्नर के हरकत में आने से विकास प्राधिकरण के अधिकारियों में हड़कंप है।
विकास प्राधिकरण के अभियंताओं पर अवैध निर्माणकर्ताओं के साथ मिलीभगत कर शहर में अवैध निर्माण कराने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसी ही शिकायतों पर इन दिनों वीसी मनोज कुमार अभियंताओं की अलमारियों में दबी फाइलों को कब्जे में लेकर अभियंताओं की कार्यप्रणाली की जांच करा रहे हैं, मगर उसके बावजूद शहर में अवैध निर्माण की बाढ़ थमने का नाम नहीं ले रही है। अंबाला रोड स्थित सागर रत्ना के पास मैरिज हाल का एक बड़ा निर्माण बिना नक्शा पास कराए होने की शिकायत शुक्रवार को कमिश्नर दीपक अग्रवाल को मिली। उन्होंने तुरंत विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को मौके पर टीम भेजने के निर्देश दिए। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण रुकवा दिया। कमिश्नर ने भवन के नक्शा पास होने संबंधी कागज तलब किए हैं। कमिश्नर दीपक अग्रवाल का कहना है कि सहारनपुर के साथ ही मंडल के अन्य दो जनपदों में भी अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए जल्द बड़े कदम उठाए जाने वाले हैं।