आरक्षण की मांग के लिए धरना दिया
सहारनपुर। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान में 15 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। समिति के पदाधिकारियों ने मांगों के संबंध में राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
धरने के दौरान ईश्वर चंद पालीवाल ने कहा कि एससी और एसटी वर्ग को अब तक भी उपक्रम, सचिवालय, विश्वविद्यालय एवं उच्च न्यायालय में हक वंचित समाज का प्रतिनिधित्व पूरा नहीं हो पाया है। यह दलितों के साथ धोखाधड़ी एवं नाइंसाफी है। उन्होंने लोकसभा में लंबित पदोन्नति एवं आरक्षण का 117वां संविधान संशोधन बिल पास कराने, मजबूत आरक्षण कानून बनाने, आरक्षण न्यायिक हस्तक्षेप से मुक्त कराने के लिए तथा प्रत्येक वर्ण एवं वर्ग समुदाय को उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण दिए जाने की मांग की।
जिला महामंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि सहारनपुर बवाल में एसआईटी की रिपोर्ट शासन-प्रशासन के विरुद्ध है। प्रशासन अपनी भूमिका सही निभाता तो हिंसा नहीं होती। नौ मई को हुए बवाल को शांत कराने में पुलिस, प्रशासन का सहयोग करने वाले चंद्रशेखर पर मुकदमे लगाकर उसे जेल में बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि सांसद समेत जिन लोगों ने सड़क दूधली एवं एसएसपी आवास पर बवाल किया, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जिलाध्यक्ष साधूराम ने कहा कि छह अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अगस्त क्रांति का आयोजन किया जाएगा।
बैठक के बाद पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर 15 सूत्रीय मांगों के संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सुलेख चंद, ईसम सिंह, सुमित कुमार, संजय तेगवाल, मुनीस कुमार, विजय कुमार, सीताराम सहगल, शशि कुमार, अमित कुमार, विपिन कुमार, सुभाष गौतम, अनिल कुमार, कस्तूरी गौतम, अर्जुन, मांगेराम, राजू, टीटू, गोवर्धन, श्रीकांत, भानमति, शिक्षा, ललतेश, मूर्ति, शमेशो, तारा, मग्गो, मांगी, सरोज, बीरमती मौजूद रहे।