महिला को बैग वापिस करते एसआई और मौजूद छात्र व परिजन
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। क्षेत्र के ग्राम भनेड़ा खेमचंद निवासी सैनिक स्कूल पंजाब में पढ़ रहे 11 वीं के छात्र ने ईमानदारी की मिसाल कायम करते हुए सड़क पर मिले बैग को पुलिस के सपुर्द कर दिया। बैग में 47 हजार पांच सौ रुपये तथा सोने की चैन थी। पुलिस ने बैग से मिले पते के आधार पर उसके मालिक को सूचना देकर उक्त रकम और चेन उसे सौंप दी।
बागपत जिले के गांव छपरौली निवासी महिला सुमन पत्नी संजय अपने परिजनों के साथ देहरादून पढ़ रहे अपने पुत्र की फीस जमा कराने के लिए कार द्वारा जा रहे थे। जैसे ही वे दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर नगर के शनि धाम मंदिर के निकट पहुंचे तो कार की खिड़की खुलने से बैग नीचे गिर गया जिसका उन्हें पता नहीं चला। यह बैग वहां से गुजर रहे गांव भनेड़ा खेमचंद निवासी श्यामबीर पुंडीर के पुत्र शिवराज राणा को मिल गया। शिवराज पंजाब के कपूरथला में सैनिक स्कूल में 11 वीं का छात्र है। शिवराज ने बैग खोलकर देखा तो उसमें नगदी और सोने की चेन थी। वह अपने परिजनों के साथ उक्त बैग को लेकर जंधेड़ी चेकपोस्ट स्थित चौकी प्रभारी नरेंद्र भडाना के पास पहुंचा और बैग उन्हें सौंप दिया। पुलिस ने बैग में मिले वैक्सीनेशन कार्ड से महिला को संपर्क कर पुलिस चौकी बुलवा लिया। इसके बाद उक्त बैग को महिला को सौंप दिया गया। बैग पाकर महिला खुशी से फूली नहीं समाई। उसने शिवराज को ढेरों आशीष दिए।