छुटमलपुर (सहारनपुर)। भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश के 80 लोकसभा क्षेत्रों में निकलने वाली कमल संदेश बाइक यात्रा यूपी के गांव शहर को भगवा रंग में रंग देगी। उन्होंने कहा कि सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र की रैली में 15 हजार बाइकों के साथ तीस हजार कार्यकर्ता शामिल होकर नया इतिहास लिखेंगे।
शुक्रवार को कस्बे में अपने आवास पर कमल संदेश बाइक रैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश के 80 लोकसभा क्षेत्रों में एक साथ निकलने वाली कमल संदेश बाइक रैली केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि सहारनपुर की रैली में प्रत्येक बूथ से पांच बाइक व दस कार्यकर्ताओं का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रकार रैली में 15 हजार बाइक व 30 हजार कार्यकर्ता शामिल होकर रैली को ऐतिहासिक बनाने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि गांधी पार्क से शुरू होने वाली बाइक रैली का शुभारंभ दोपहर बारह बजे राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम द्वारा किया जाएगा। यह रैली घंटाघर, नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट, नवाबगंज चौक, भारत माता चौक व अस्पताल चौक होते हुए साउथ सिटी दिल्ली रोड पर पहुंचकर संपन्न होगी। जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश भर में एक समय पर एक साथ आयोजित होने वाली कमल संदेश बाइक रैली प्रदेश के प्रत्येक शहर व गांव में कमल खिलाने का काम करेगी। जिला उपाध्यक्ष सोनेंद्र राणा, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश राणा, सुशील चौधरी, सतीश राठौर, विकास गुप्ता, धर्मपाल सैनी, जिला कार्यकारिणी सदस्य अंकित वर्मा, आदित्य राठौर, राहुल त्यागी, अनिल कांबोज, ऋषिपाल धीमान, महिपाल सिंह व योगेश धीमान आदि मौजूद रहे।