सहारनपुर। बिजली का कनेक्शन लिया, बिजली फूंकी और गुम हो गए। अब विद्युत निगम इन कनेक्शन धारकों की तलाश कर रहा है, ताकि बकाया बिल भुगतान वसूल किया जा सके।
सहारनपुर में विद्युत निगम के लिए लापता विद्युत कनेक्शन धारक समस्या बन गए हैं। जिन्होंने कनेक्शन लिया और बिजली फूंकी, फिर पता ही बदल लिया। पता तस्दीक न होने के कारण उनके बिल पेंडिंग होते चले गए। विद्युत निगम के अधिकारियों ने पुराना रिकार्ड खंगाला तो करीब 1500 कनेक्शन ऐसे सामने आए, जिनका पता नहीं होने के कारण बिल नहीं बन सका। अधिकारियों ने विशेष टीम बनाकर पता तस्दीक कराया तो लगभग 1000 कनेक्शन धारकों का दूसरा ठिकाना पता चल गया। विद्युत निगम ने इन कनेक्शन धारकों के बिल बनाकर वसूली शुरू कर दी है।
फिलहाल 300 ऐसे कनेक्शन धारकों का पता चला है जिनके गुम होने के कारण उनका बिल नहीं बन पा रहा है। जबकि इनकी संख्या लगभग 500 तक हो सकती है। 300 कनेक्शन धारकों पर ही करीब दो करोड़ रुपये का बकाया बताया जा रहा है। इनसे बकाया बिल की वसूली करना विद्युत निगम के लिए मुश्किल हो रहा है।
तलाश करके बनवाए जा रहे बिल : गुप्ता
अधीक्षण अभियंता रविंद्र गुप्ता का कहना है कि ऐसे लगभग 1500 कनेक्शन धारक थे, जिनका पता नहीं लग पा रहा था। अब तक 1000 कनेक्शन धारकों का पता लग चुका है और उनका बिल बना दिया गया है। उनसे बकाया बिल की वसूली की जा रही है। शेष कनेक्शन धारकों का अभी पता नहीं चल पा रहा है। उनको तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।