सहारनपुर। प्रकाश के पर्व दीपावली और धनतेरस के लिए बाजार सजने लगे हैं। विभिन्न कंपनियों और कारोबारी ग्राहकों को लुभाने के लिए फेस्टिवल ऑफर दे रहे हैं। मिट्टी के मंदिरों और दीपों में इस बार कलकत्ता, गुजरात और आगरा की वैरायटी धूम मचाएगी।
दीपों के पर्व दीपावली को लेकर बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। दीपावली पर्व की शुरूआत धनतेरस से हो जाएगी। महानगर कोर्ट रोड, नेहरू मार्केट, हकीकत नगर, मोरगंज बाजार, शहीदगंज बाजार, सराफा बाजार, नया बाजार, कक्कड़ गंज, चौकी सराय, दालमंडी पुल पर धनतेरस और दीपावली पर सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। यहां के दुकानदारों ने त्योहार को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। धनतेरस पर ग्राहकों को रिझाने के लिए आभूषण और बर्तन विक्रेताओं ने विभिन्न स्कीमें व ऑफर जारी कर दिए हैं। घरों और प्रतिष्ठानों को रोशन करने के लिए इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर चाइनीज लड़ियों की अलग-अलग वैरायटी आई हैं।
मिट्टी के फैंसी दीपक की मांग
कोर्ट रोड की कारोबारी बिमला का कहना है कि मिट्टी के दीपों की अत्यधिक मांग है। गुजरात के फैंसी दीपों को लोग देखते ही खरीद रहे हैं। इन दीपक की कीमत पांच से 50 रुपये तक है। मोतियों और लाल पेंट से सजाई गई हंडी कलश को भी खूब पसंद किया जा रहा है। द्वारकापुरी निवासी कारोबारी रवि प्रजापति का कहना है कि बाजार में मिट्टी के बने कलकत्ता के फैंसी मंदिर आए हुए हैं। इनकी कीमत 50 रुपये से 250 रुपये तक है। इनके अलावा लक्ष्मी-गणेश, शिव-पार्वती, श्रीराम दरबार सहित अन्य देवी-देवताओं की रंग-बिरंगी मूर्तियां लोगों को लुुभा रही हैं। खलासी लाइन निवासी सुमन ने बताया कि आगरा के मिट्टी के थाल की मांग ज्यादा है। 70 से 150 रुपये तक का थाल बाजार में आए हैं।
स्कीमों का फायदा उठा रहे लोग
कंपनियों और कारोबारियों द्वारा त्योहार को लेकर ग्राहकों को स्कीमें दी जा रही हैं। पुराना लोहा बाजार के बर्तन कारोबारी राजीव कुमार का कहना है कि धनतेरस के दिन से बर्तनों की काफी बिक्री होती है। स्टील के गिलास, चम्मच, थाल, कटोरी सैट पर कंपनी द्वारा 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके साथ ही लक्की ड्रा के कूपन दिए जा रहे हैं। ड्रा निकलने पर ग्राहक को मोबाइल फोन, जूसर, प्रेस, क्राकरी सेट सहित चांदी का सिक्का दिया जाएगा। कोर्ट रोड के मोबाइल फोन कारोबारी मनीष गुप्ता ने बताया कि दीपावली को लेकर विशेष ऑफर आई हुई है। नया मोबाइल फोन खरीदने पर 15 प्रतिशत की छूट के साथ उपहार के लिए कूपन दिए जा रहे हैं। सराफा बाजार के सोना-चांदी आभूषण के कारोबारी राम राजीव सिंघल का कहना है कि बाजार में अभी उछाल नहीं आया है। पहले लोगों द्वारा एडवांस बुकिंग कराई जाती थी, लेकिन इस बार बाजार ठंडा नजर आ रहा है। सिर्फ चांदी के सिक्कों की खरीददारी हो रही है।
चाइनीज झालर और भारतीय कंडील पहली पंसद
दीपावली पर चाइनीज झालर और भारतीय कंडील की मांग ज्यादा रहेगी। इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों में कई वेरायटी के रंग-बिरंगे लाइटों से बने झालर आए हुए हैं। हर वर्ष की तरह चाइनीज लड़ियों का स्टॉक व्यापारियों ने ज्यादा मंगवाया है। 20 रुपये लेकर 500 रुपये तक की पाइप वाली लड़ी, पट्टी वाली लड़ी, जाल वाली लड़ी, लेजर लाइट वाली लड़ी, म्यूजिक सिस्टम वाली लड़ी बाजार में आई हुई है। कोर्ट रोड के इलेक्ट्रानिक्स कारोबारी संदीप जैन ने बताया कि चाइनीज आइटम की मांग ज्यादा है। क्योंकि चाइनीज आइटम सस्ती है, जिसे ग्राहक एकदम पसंद करते हैं।
कंडील बनाने वाले पुल कंबोहाल निवासी सगीर अहमद ने बताया कि भारतीय कंडील की मांग हर वर्ष सबसे ज्यादा रहती है। यह कंडील पतंग के कागज और रंग-बिरंगी पन्नी से तैयार किया जाता है। कंडील की कीमत साइज के हिसाब से 100 रुपये लेकर एक हजार रुपये तक है।