टीकाकरण अभियान में मांगा सहयोग
सहारनपुर। मीजिल्स रूबेला से बचाव के लिए बच्चों के टीकाकरण का विशेष अभियान 26 नवंबर से शुरू हो जाएगा। इसके लिए प्राइवेट हिंदी माध्यम, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ कार्यशाला की गई, जिसमें अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
बृहस्पतिवार को विकास भवन सभाकक्ष में आयोजित कार्यशाला के दौरान सीएमओ डाक्टर बीएस सोढ़ी ने कहा कि 26 नवंबर से मीजिल्स रूबेला बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। नियमित टीकाकरण के दिवसों (बुधवार/शनिवार) एवं राजकीय अवकाश को छोड़कर निरंतर कार्य समाप्ति तक अभियान चलाया जाएगा। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाया जाने वाला मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान एक वृहद अभियान है, जिसके अंतर्गत 09 माह से 15 वर्ष तक की आयु वाले बच्चों को टीका लगना है, भले ही यह टीकाकरण नियमित टीकाकरण के दौरान बच्चे को लग चुका हो। यह एक अतिरिक्त खुराक होगी।
डब्लूएचओ के एसएमओ डाक्टर आनंद गौतम ने कहा कि मीजिल्स रूबेला का टीका सरकारी एवं प्राईवेट स्कूलों, स्वास्थ्य केन्द्रों, आउटरीच साइट्स में दिए जाएंगे। सभी स्कूलों को सूचीबद्ध कर 09 माह से 15 वर्ष तक के समस्त बच्चों को टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया जाना है। उन्होंने बताया कि यह टीका अत्यंत आवश्यक है, जिससे बच्चे में होने वाली मीजिल्स/रूबेला बीमारी से बचाव किया जा सके। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी और प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी है कि वह स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं को जागरूक करें, ताकि वह बच्चों को टीकाकरण के लिए उनके अभिभावकों को भी प्रेरित कर सकें।
कार्यशाला में जिला विद्यालय निरीक्षक, एनयूएचएम के नोडल अधिकारी डाक्टर संजय यादव, रमन देव, यूनिसेफ के डीएमसी नितिन खन्ना, एनएचएम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक खालिद हुसैन, प्राइवेट स्कूल संघ के पदाधिकारी, रोटरी क्लब के पदाधिकारी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।