बड़गांव (सहारनपुर)। राष्ट्रवादी समान अधिकार पदयात्रा के संयोजक शेर सिंह राणा ने कहा कि एससीएसटी एक्ट पर सरकार के अध्यादेश का विरोध जारी रहेगा। यह सवर्ण ही नहीं पिछड़ा, अल्पसंख्यक सहित देश की 80 प्रतिशत आबादी के लिये काला कानून है। वह कानून के विरोधी नहीं, बल्कि मोदी सरकार की मंशा के खिलाफ है। उक्त एक्ट पर कोर्ट का फैसला सही था।
मंगलवार की देर रात गांव दल्हेड़ी के बाद राष्ट्रवादी समान अधिकार पदयात्रा गांव अंबेहटा चांद पहुंचने पर ग्रामीणों ने शेरसिंह राणा का स्वागत किया। यहां राणा ने कहा कि भाजपा सवर्णों की अनदेखी कर रही है। शेर सिंह राणा ने शब्बीरपुर हिंसा में जेल गये सुधीर, सोनू व विलास का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। बाद में उनका गांव मिर्जापुर पहुंचने पर स्वागत किया गया। यहां उन्होंने सहयोग देने की अपील की। रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह आठ बजे भायला एवं रणखंडी के लिये पदयात्रा रवाना हो गई। कानसिंह राणा, राजेंद्र राणा, संदीप राणा, महेश राणा, दीपक कुमार, कुशलपाल सिंह सहित हजारों की भीड़ मौजूद रही।