साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डा आनंद सिंह सोलंकी ने कहा कि टीकाकरण के कार्य को लक्ष्य के अनुरूप हर सूरत में समय से पूरा करें।
बुधवार को संयुक्त निदेशक डा. आनंद सिंह सोलंकी पशु चिकित्सालय साढ़ौली कदीम पहुंचे। वहां उन्होंने कोल्ड स्टोरेज में रखी वैक्सीन का निरीक्षण किया। बताया कि 15 मार्च से 30 अप्रैल तक पशुओं में खुरपका व मुहंपका रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत टीके लगाये जा रहे हैं। इसमें चार माह से छोटे पशु व आठ माह से अधिक ग्रभित पशु को छोड़कर शेष सभी पशुओं को पशुपालक टीके अनिवार्य रूप से लगायें। उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को वैक्सीन 2 से 8 डिग्री तापमान पर रखने के आदेश दिये। प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डा. डीआर वर्मा ने बताया कि रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विकास खंड की 84 ग्राम पंचायतों में 55 हजार आठ सौ पशुओं को टीका लगाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 40 हजार 421 पशुओं को टीके लगाये जा चुके हैं। फसल कटाई के चलते कुछ घरों में ताला लटका मिलता है जिसके चलते टीकाकरण अभियान में कठिनाई आ रही है। संयुक्त निदेशक सोलंकी ने मौके पर गांव बाबैल बुजुर्ग, कलसिया, मीरपुर गन्देवड़ आदि में जाकर कार्य कर रही टीमों के कार्यों का भी निरीक्षण किया। पशु चिकित्साधिकारी अनिल यादव, विनीत यादव आदि मौजूद रहे।