त्रिपुर मां बाला सुंदरी मेला के लिए कमेटी गठित
देवबंद। नगर पालिका परिषद में हुई बोर्ड की बैठक में श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला 2018 के लिए कमेटी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से सुधा गांधी को मेला चेयरमैन बनाया गया।
सोमवार को पालिका के मीटिंग हॉल में पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें मेला कमेटी के लिए पांच सभासदों के नाम का प्रस्ताव रखा गया। इसे पालिका बोर्ड ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
इस दौरान कमेटी में सभासद सुधा गांधी को मेला चेयरमैन चुना गया। इनके अलावा सभासद शाहिद हसन, मीनू, रुखसाना तथा शाह फैसल को सदस्य बनाया गया। बैठक में पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी और मेला कमेटी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। जियाउद्दीन अंसारी ने कहा कि श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला एक बड़ा धार्मिक आयोजन है। इस मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए आते हैं और हमारा प्रयास होगा कि इस वर्ष मेला अधिक आकर्षक, सुंदर एवं व्यवस्थित रुप से आयोजित किया जाए।
मेला चेयरमैन सुधा गांधी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दुकानदारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इस मौके पर नौशाद, शबाना, महताब, मुस्तकीम, मजाहिर हसन, शान खां, अमजद इलाही, शाहिद हसन, राबिया, शराफत, मनोज सिंघल, शाह फैसल, परमजीत कौर, असलम, समीर, मौ. आसिफ, धारा सिंह, वाजिद, वरीसा, रूमा सैय्यद आदि सभासद मौजूद रहे।