सहारनपुर के बेहट के हुसैन मलकपुर गांव में सोमवार की शाम एक छप्परनुमना मकान में आग लगने से 20 हजार रुपये की नगदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का सामान जलकर नष्ट हो गया। उधर, मिर्जापुर क्षेत्र के गांव फतेहपुर टांडा में भी एक छप्पर के मकान में आग लगने से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव हुसैन मलकपुर में शाम करीब चार बजे अब्दुल मालिक पुत्र इकबाल के छप्पर के मकान में आग लग गई। मकान से धुआं उठता देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने मकान के अंदर फंसी अब्दुल मालिक की बेटी सोबिया (2 वर्ष) फोबिया (3 वर्ष) और पत्नी भूरी को बाहर निकाला। आग में घर में रखी 20 हजार रुपये की नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत का घरेलू सामान व अनाज आदि जलकर नष्ट हो गया।
उधर, थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव फतेहपुर टांड़ा में रविवार की रात करीब 11 बजे दिलशाद पुत्र यासीन के छप्पर के मकान में अचानक आग लग गई। घर के सभी सदस्य हरियाणा में मजदूरी के लिए गए हुए थे। ग्रामीणों ने आग बुझाई और पीड़ित परिवार को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दिलशाद ने बताया कि आग में उसका मकान और उसमें रखा घरेलू सामान जल गया। उसका करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।