ग्राम प्रधानों पर हो रहे हमलों पर चिंता जताई
नानौता (सहारनपुर)। ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायतों से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्राम प्रधान संगठन की ओर से ब्लॉक परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें ग्राम प्रधानों पर किए जा रहे हमलों पर रोष जताया गया। इसके साथ ही लंबित मांगें पूरी न करने पर लखनऊ में धरना देने की चेतावनी दी गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष सतवीर यादव ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं को बिना भेदभाव पात्रों तक पहुंचाया जाए।उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों से समयसारिणी के आधार पर काम कराया जाए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि राशन कार्डों की फीडिंग होने के बाद भी इनका वितरण नहीं हो पाया है। प्रधानों ने कहा कि हैंडपंप बाहरी कंपनी से न लगवाकर ग्राम पंचायतों के माध्यम से लगवाए जाएं। इसके अलावा मत्स्य पालन के पैसा ग्राम पंचायतों को भेजने, शौचालयों के निर्माण पूरा कराने, खनन सामग्री आसानी से उपलब्ध कराने, ग्राम प्रधानों का मानदेय ग्राम सचिव के बेसिक से कम न रखने की भी मांग की गई।
ब्लॉक अध्यक्ष रामपाल सिंह ने कहा कि यदि सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों की मांगे नहीं मानती है तो संगठन प्रदेश स्तर पर लखनऊ में धरना प्रदर्शन को बाध्य होगा। अध्यक्षता शेरपाल प्रधान लुकादड़ी और संचालन ब्लॉक अध्यक्ष ने किया। इस दौरान बिजेंद्र त्यागी, दीन मोहम्मद, भूपेंद्र सिंह, रमेश सैनी, रविंद्र सिंह, ओमपाल सिंह, ओमप्रकाश, प्रवीण कुमार, सुखपाल शर्मा, विकास चौधरी, नाथीराम, मनोज कुमार, सतपाल सिंह, शब्बीर चौधरी, बिलाल, मुराद, अरुण कुमार, चरण सिंह, भगवत सिंह, नवीन कुमार आदि प्रधान व प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे।